अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले देखें पूरी छुट्टी लिस्ट

नई दिल्ली: Bank Holiday October 2026 को लेकर बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। अक्टूबर 2026 में अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग सेंटर के हिसाब से कुल 16 दिन बैंक अवकाश रहेगा। इन छुट्टियों में गांधी जयंती, नवरात्रि, दशहरा, दुर्गा पूजा और अन्य स्थानीय त्योहारों के साथ रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टियां शामिल हैं।

हालांकि, सभी 16 दिन पूरे देश में बैंक बंद नहीं रहेंगे। RBI के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार बैंक की छुट्टियां राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग होती हैं। इसलिए ब्रांच जाने से पहले अपने बैंकिंग सेंटर की छुट्टी जरूर जांच लें।

2 अक्टूबर को देशभर में बैंक बंद

अक्टूबर की पहली बड़ी बैंक छुट्टी 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को होगी। इस दिन गांधी जयंती के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।

10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार है। इस वजह से देशभर में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। कुछ बैंकिंग सेंटर में इसी दिन महालया अमावस्या की छुट्टी भी रहेगी। 11 अक्टूबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।

नवरात्रि और दशहरा पर कई राज्यों में बैंक हॉलिडे

अक्टूबर के मध्य में त्योहारों के कारण बैंक छुट्टियों की संख्या बढ़ जाएगी। 17 अक्टूबर को त्रिपुरा में महा सप्तमी के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन यानी 18 अक्टूबर को रविवार है।

19 अक्टूबर 2026 को महाष्टमी, महानवमी, आयुध पूजा और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के कारण कई राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा। इनमें असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के कुछ बैंकिंग सेंटर शामिल हैं।

इसके बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी और दशहरा के कारण कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें लखनऊ, कानपुर, जयपुर, भोपाल, अहमदाबाद, चंडीगढ़, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता और पटना जैसे प्रमुख बैंकिंग सेंटर शामिल हैं।

21 से 23 अक्टूबर तक भी कुछ जगह बैंक बंद

21 अक्टूबर को विजयादशमी और दुर्गा पूजा के कारण असम, कर्नाटक, केरल, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ बैंकिंग सेंटर में छुट्टी रहेगी।

22 और 23 अक्टूबर को सिक्किम में दुर्गा पूजा/दशैं के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

इसके बाद 24 अक्टूबर को चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। महीने के आखिरी सप्ताह में 26 अक्टूबर को कुछ शहरों में लक्ष्मी पूजा और महर्षि वाल्मीकि जयंती के कारण छुट्टी रहेगी। वहीं 29 अक्टूबर को शिमला में करवा चौथ के कारण बैंक बंद रहेंगे।

बैंक बंद होने पर भी UPI और ऑनलाइन बैंकिंग जारी

बैंक हॉलिडे का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंकिंग सेवाएं बंद हो जाएंगी। छुट्टियों के दौरान ग्राहक आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।

हालांकि, ब्रांच से जुड़े काम जैसे कैश जमा या निकासी, चेक संबंधी कार्य, पासबुक अपडेट और अन्य शाखा आधारित सेवाएं बैंक की छुट्टी के कारण प्रभावित हो सकती हैं।

इसलिए अक्टूबर में अगर आपको बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो अपने राज्य और संबंधित बैंकिंग सेंटर की छुट्टी पहले जांच लें। SBI, PNB, Bank of Baroda, Canara Bank, HDFC Bank और ICICI Bank समेत सभी बैंकों की शाखाएं संबंधित क्षेत्र के बैंक हॉलिडे के अनुसार बंद हो सकती हैं।