पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दीक्षा महिला मंडल, Bharat Coking Coal Limited (बीसीसीएल) ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जगजीवन नगर स्थित कल्याण भवन (एचआरडी) परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना सिंह तथा मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याओं ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री राधेश्याम दुबे, श्री रवि कुमार, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) सहित एचआरडी, पर्यावरण विभाग तथा कोयला भवन मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने जैसे कार्य हम सभी का नैतिक दायित्व हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने हेतु सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।
