BCCL में टेंडर सिस्टम की होगी और सख्त निगरानी, नए स्वतंत्र मॉनिटर्स ने संभाला मोर्चा, CMD से की मुलाकात

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में नए स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स (Independent External Monitors-IEM) ने कार्यभार संभाल लिया है। कोयला भवन मुख्यालय में नव-पदस्थापित स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स श्री आलोक कुमार और श्री विवेक श्रीवास्तव ने बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल से औपचारिक भेंट की। इस दौरान संगठन में पारदर्शिता, सतर्कता, निष्पक्षता और सुशासन से जुड़े विभिन्न संस्थागत विषयों पर चर्चा हुई।

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने दोनों मॉनिटर्स का स्वागत करते हुए कहा कि उनके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से बीसीसीएल की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष तथा उत्तरदायी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं और सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

निविदा और खरीद प्रक्रियाओं पर विशेष जोर

सीएमडी ने विशेष रूप से निविदा, खरीद और अनुबंध से संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता, दक्षता और प्रक्रियात्मक शुचिता सुनिश्चित करने को संगठन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष निगरानी व्यवस्था से निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में नियमों के अनुपालन को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

औपचारिक भेंट के बाद कोयला भवन के सम्मेलन कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें दोनों स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स ने सामग्री प्रबंधन विभाग, कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट सेल, विद्युत एवं यांत्रिकी तथा असैनिक विभाग के अधिकारियों के साथ निविदा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

तकनीकी निविदाओं और मूल्यांकन प्रक्रिया की समीक्षा

बैठक में हाल में आमंत्रित एवं संपादित की गई निविदाओं, निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, तकनीकी निविदाओं के परीक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया सहित अन्य तकनीकी एवं प्रक्रियागत विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मॉनिटर्स ने अपने प्रशासनिक अनुभव के आधार पर प्रक्रियाओं में सुधार और सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने से संबंधित सुझाव भी दिए।

See also  BCCL का बड़ा एक्शन, Manoj Kumar Agarwal के नेतृत्व में Illegal Coal Mining पर शिकंजा और तेज, जान की धमकी के बाद भी नहीं रुक रहा है का अभियान

बैठक के दौरान निविदा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता, दक्षता और सतर्कता मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल दिया गया। इसका उद्देश्य प्रक्रियात्मक खामियों की संभावनाओं को कम करना और संस्थागत निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है।

BCCL के नए स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स ने निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की

नए मॉनिटर्स ने संभाला दायित्व

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के पूर्व स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स श्री अरविंद कुमार कादयान और श्री अमृत लुगुन का कार्यकाल पूरा होने के बाद आलोक कुमार और विवेक श्रीवास्तव ने नए IEM के रूप में पदभार संभाला है। दोनों भारतीय सिविल सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं और अपने सेवाकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।

बैठक में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) श्री आर.आर. कर्ण, महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री आनंद कुमार, विभागाध्यक्ष (कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट सेल) श्री बिक्रम कुमार, वरीय प्रबंधक (असैनिक) श्री हिमांशु नांगल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।