BCCL राजभाषा पखवाड़ा का भव्य समापन, डॉ. शेफाली चतुर्वेदी को मिला कोयला भारती राजभाषा सम्मान

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में 14 सितंबर से आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का भव्य समापन कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों, अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध सामाजिक व्यवहार संचार सलाहकार, प्रसारण प्रशिक्षक एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता डॉ. शेफाली चतुर्वेदी रहीं। उन्हें इस वर्ष के प्रतिष्ठित कोयला भारती BCCL राजभाषा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। BCCL CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शील्ड और ₹21,000 की नकद राशि प्रदान की।

CMD मनोज अग्रवाल ने हिंदी को बताया सांस्कृतिक विरासत

कार्यक्रम की अध्यक्षता BCCL CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है।

उन्होंने राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना की। CMD ने कहा कि ऐसे आयोजन हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आग्रह किया।

डॉ. शेफाली चतुर्वेदी ने BCCL की पहल को सराहा

मुख्य अतिथि डॉ. शेफाली चतुर्वेदी ने कोयला भारती राजभाषा सम्मान-2026 मिलने को गर्व और सम्मान का विषय बताया। उन्होंने कहा कि भाषा विचारों के आदान-प्रदान के साथ समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखने का माध्यम भी है।

उन्होंने हिंदी की सहजता, व्यापकता और समृद्ध अभिव्यक्ति का उल्लेख करते हुए BCCL द्वारा राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

See also  NTPC Vindhyachal में Mega Pep Talk: Unit-12 टीम को मिला Safety का संदेश, 300 से अधिक कर्मचारी शामिल

कोयला भारती के 44वें अंक का विमोचन

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत, कोल इंडिया गीत, सरस्वती वंदना और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। स्वागत संबोधन विभागाध्यक्ष (राजभाषा) मनीष मिश्रा ने दिया।

इसके बाद ‘कोयला भारती’ के 44वें अंक का विमोचन किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि को राजभाषा सम्मान प्रदान किया गया।

बस्ताकोला, लोदना और कतरास क्षेत्र को सम्मान

राजभाषा के क्षेत्र में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य के लिए स्व. शंकर दयाल सिंह स्मृति राजभाषा सम्मान-2026 के तहत क्षेत्रों को पुरस्कृत किया गया।

  • प्रथम: बस्ताकोला क्षेत्र
  • द्वितीय: लोदना क्षेत्र
  • तृतीय: कतरास क्षेत्र

मुख्यालय की तकनीकी श्रेणी में भू-संपदा विभाग को प्रथम, JMP विभाग को द्वितीय और सामग्री प्रबंधन विभाग को तृतीय पुरस्कार मिला।

गैर-तकनीकी श्रेणी में कर्मचारी स्थापना विभाग प्रथम, निदेशक मानव संसाधन सचिवालय द्वितीय और औद्योगिक संबंध विभाग तृतीय स्थान पर रहे।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं और विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में राजभाषा पखवाड़े के दौरान मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली प्रतियोगिता के हिंदीतर भाषी वर्ग में मारिया अहसन और विजय कुमार जे. भट्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया। हिंदी भाषी वर्ग में देवांशी जैन और विश्वजीत कुमार सिंह प्रथम रहे।

इसके अलावा गृहिणियों के लिए आयोजित हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

BCCL प्रोजेक्ट विद्यालयों के 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों तथा विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरीय अधिकारी (मानव संसाधन/राजभाषा) सुमेधा भारती ने किया।

See also  RVNL को ₹358.97 करोड़ का बड़ा रेलवे प्रोजेक्ट, पूर्वी मध्य रेलवे ने सौंपा सीतामढ़ी-रक्सौल दोहरीकरण का काम