सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में सोमवार को ‘राजभाषा पखवाड़ा 2026’ के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में एनसीएल के निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) अजय कुमार जायसवाल, कंपनी जेसीसी सदस्य सीएमएस से अजय कुमार, आरसीएसएस से लाल पुष्पराज सिंह, बीएमएस से अशोक मिश्रा, एचएसएम से अशोक कुमार पांडे तथा सीएमओएआई के महासचिव सर्वेश सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने हिंदी बोलने में किसी भी प्रकार की हीन भावना न रखने और राजभाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कामकाज में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मातृभाषा से प्रेम का संदेश
मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में मातृभाषा से प्रेम करने का संदेश दिया। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाषा के प्रति सम्मान और उसके व्यवहारिक प्रयोग से राजभाषा के उद्देश्यों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान राजभाषा पखवाड़ा 2026 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं, कर्मियों और स्कूली बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यालयों के बच्चे मौजूद रहे।
‘राजभाषा पखवाड़ा 2026’ का आयोजन एनसीएल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (राजभाषा) पी. के. त्रिपाठी के स्वागत उद्बोधन से हुई।
समापन समारोह में धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (मानव संसाधन) आर. के. राठौड़ ने किया, जबकि मंच संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) कौशल कुमार तिवारी ने किया। समारोह के माध्यम से एनसीएल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग का संदेश दिया गया।