GRSE का शानदार प्रदर्शन, FY26 में मुनाफा 42% बढ़ा; ₹19.60 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

कोलकाता: भारत की Navratna Defence PSU Garden Reach Shipbuilders and Engineers (GRSE) ने वित्त वर्ष 2025-26 को अपने 66 साल के इतिहास का सबसे सफल वर्ष बताया है। शुक्रवार को आयोजित कंपनी की 110वीं Annual General Meeting (AGM) में FY26 के वित्तीय प्रदर्शन, डिविडेंड, युद्धपोत निर्माण और नई तकनीकी पहलों से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।

GRSE के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के Revenue from Operations में 37.95% की बढ़ोतरी हुई और यह FY25 के ₹5,075.69 करोड़ से बढ़कर ₹7,002.16 करोड़ हो गया। वहीं, कंपनी की कुल आय ₹5,410.53 करोड़ से बढ़कर ₹7,276.54 करोड़ पहुंच गई, जो 34.49% की वृद्धि है।

कंपनी के मुनाफे में भी मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। FY26 में GRSE का EBITDA ₹1,069.69 करोड़ रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के ₹756.10 करोड़ से 41.47% अधिक है। इसी तरह Profit After Tax (PAT) ₹527.40 करोड़ से बढ़कर ₹747.93 करोड़ हो गया। इसमें 41.81% की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी का EPS भी ₹46.04 से बढ़कर ₹65.29 हो गया।

शेयरधारकों को ₹19.60 प्रति शेयर डिविडेंड

110वीं AGM में शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 196% डिविडेंड को मंजूरी दी, जबकि FY25 में यह 138.5% था। इसमें ₹10 के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹6.70 का Final Dividend शामिल है।

इसके अलावा FY26 में ₹5.75 का First Interim Dividend और ₹7.15 का Second Interim Dividend पहले ही दिया जा चुका है। इस तरह FY26 के लिए कुल डिविडेंड ₹19.60 प्रति शेयर रहा।

8 युद्धपोतों की डिलीवरी

भौतिक उपलब्धियों की बात करें तो FY26 में GRSE ने भारतीय नौसेना को 8 युद्धपोतों की डिलीवरी की, जिनमें से 5 को वित्त वर्ष के दौरान कमीशन किया गया। कंपनी ने भारतीय नौसेना को सात 30mm Naval Surface Gun Systems भी दिए और कई रिफिट प्रोजेक्ट पूरे किए।

See also  CONCOR में बड़ा नेतृत्व बदलाव: शंभु आर्या और श्रीकांत वी. जनबंधु को मिली अहम जिम्मेदारी

GRSE ने FY26 में स्वदेशी Modular Foot Suspension Bridge भी लॉन्च किया। कंपनी के अनुसार यह अपनी तरह की पहली संरचना है, जो बिना पियर्स के 400 फीट तक की दूरी को कवर कर सकती है।

₹15,324 करोड़ का ऑर्डर बुक

31 मार्च 2026 तक GRSE का ऑर्डर बुक ₹15,324 करोड़ था। कंपनी ने Commercial Shipbuilding segment और नई पहलों में भी आगे बढ़ने की बात कही है।

GRSE के CMD Cmde PR Hari ने कहा कि कंपनी का यह प्रदर्शन उसके 66 साल के इतिहास में सबसे बेहतर रहा है। उन्होंने मजबूत ऑर्डर बुक और नई पहलों के आधार पर मौजूदा वित्त वर्ष में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

FY26 में GRSE को कुल 26 पुरस्कार मिले। इनमें Defence Minister Rajnath Singh द्वारा दिया गया “Excellence in Financial Performance” Award भी शामिल है। वर्ष 2026 में GRSE को भारत सरकार की ओर से Navratna का दर्जा भी मिला।